गुरुग्राम। रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के साथ-साथ दिहाड़ी मजदूरों की कमर तोडक़र रख दी है। रेलवे-स्टेशन मार्ग स्थित बाबा प्रकाश पुरी चौक क्षेत्र के छठ घाट पर दिहाड़ी मजदूरों ने हाथों में खाली छोटे एलपीजी सिलेंडर लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने संबंधित विभाग और सरकार के खिलाफ गहरी नाराजगी जताते हुए छोटे सिलेंडरों के दाम तुरंत कम करने की मांग की। ये दिहाड़ी मजदूर देश के उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल आदि प्रदेशों से यहां आकर कामकाज कर रहे हैं। दिहाड़ी मजदूर गौतम, बाबूलाल, बिनोद, अतर सिंह, घनश्याम, गौरव मणी, देवेन्द्र, राहुल, श्याम, राजेश कुमार, हौसला प्रसाद, संजू और मधुसूदन आदि का कहना है कि महंगाई के इस दौर में उनके लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल होता जा रहा है। आज के समय में गरीबों की सुध लेने वाला और खोज-खबर रखने वाला कोई नहीं है। हम दिनभर हाड़-तोड़ मेहनत करते हैं, तब जाकर चंद रुपए कमा पाते हैं। सरकार को कम से कम छोटे सिलेंडरों के भाव तो कम करने चाहिए, ताकि हम जैसे गरीब मजदूर भूखे पेट सोने को मजबूर न हों। उन्होंने एक सुर में सरकार से गुहार लगाई है कि जनहित में छोटे सिलेंडरों की कीमतों में तत्काल कटौती की जाए।
छोटे गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ दिहाड़ी मजदूरों का फूटा गुस्सा, किया प्रदर्शन

