गुरुग्राम। भीम नगर स्थित राजकीय कन्या विद्यालय के सामने से न्यू रेलवे रोड को ओल्ड रेलवे रोड से जोडऩे वाली मुख्य सडक़ की बदहाली ने स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहली ही मानसून की बारिश के बाद यह सडक़ पूरी तरह से जर्जर हो गई थी और हैरानी की बात यह है कि इसके हालात पिछले करीब 2 महीनों से लगातार जस के तस बने हुए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता राज सैनी बिसरवाल का कहना है कि सडक़ पर हुए गड्ढों और जलभराव के कारण स्थिति इतनी भयानक हो चुकी है कि वहां से वाहनों का निकलना तो दूर, पैदल आने-जाने वाले राहगीरों और छोटे-छोटे स्कूली बच्चों का गुजरना भी हर वक्त किसी बड़े हादसे को दावत दे रहा है। विद्यालय के ठीक सामने होने के कारण यहां से रोजाना सैकड़ों मासूम छात्राएं और अभिभावक गुजरते हैं, जिन्हें गहरे गड्ढों और कीचड़ के बीच से होकर निकलना पड़ता है। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से सडक़ की इस दयनीय स्थिति की शिकायत की है, लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस सुध नहीं ली गई है। सडक़ पर फैली बदहाली के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग का सुदृढ़ीकरण और पैचवर्क का कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू करवाया जाए, ताकि किसी अनहोनी दुर्घटना को टाला जा सके और आम जनता तथा स्कूली बच्चों को इस नरकीय जीवन से राहत मिल सके।
विद्यालय के सामने जर्जर सडक़ से परेशान छात्राएं और राहगीर

