गुरुग्राम। गुरुग्राम नगर निगम कार्यालय और मेयर ऑफिस को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद प्रशासनिक हलके में हडक़ंप मच गया। धमकी के बाद निगम मुख्यालय को एहतियातन खाली करा लिया गया और पुलिस जांच में जुट गई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड सहित तमाम सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसमें नगर निगम कार्यालय और मेयर ऑफिस को निशाना बनाने की बात कही गई थी। ईमेल की सूचना मिलते ही नगर निगम प्रशासन ने बिना कोई जोखिम उठाए तुरंत मुख्यालय में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता को बाहर निकाला। अचानक दफ्तर खाली कराने के आदेश से परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाला और बेहद शांतिपूर्ण ढंग से पूरे परिसर को खाली कराकर अपने नियंत्रण में ले लिया। धमकी मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे नगर निगम परिसर की घेराबंदी कर दी। मेटल डिटेक्टर, आधुनिक उपकरणों और खोजी कुत्तों की मदद से कार्यालय के कोने-कोने, पार्किंग एरिया और संदिग्ध बैग्स की बारीकी से जांच की गई। जानकारी के अनुसार शुरुआती जांच और सघन तलाशी के दौरान फिलहाल परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। इस मामले में सबसे चिंताजनक बात यह है कि शुरुआती जांच में इस ईमेल का संबंध खालिस्तान समर्थकों से होने का अंदेशा जताया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी गुरुग्राम के कई नामी स्कूलों को इसी तरह के खालिस्तान समर्थित ईमेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकियां दी जा चुकी हैं, जो बाद में महज एक अफवाह साबित हुई थीं। पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही पैनिक हों, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
नगर निगम व मेयर कार्यालय को उड़ाने के धमकी भरे ईमेल से मचा हडक़ंप

