गुरुग्राम। नीट पेपर लीक, सीबीएसई पेपर में धांधली, रिक्त पदों की भर्ती, रोजगार को संवैधानिक अधिकार देने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गनाइजेशन (एआईडीवाईओ) द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य शामिल हुए। संगठन के कॉमरेड राजेंद्र सिंह, खेमचंद, हेमंत पिलानी, हरिओम, संजय शर्मा, कैलाशचंद, धर्मबीर बुलडोदिया, राजकुमार जलवा, गोविंद, संदीप, प्रदीप सूबे सिंह, करतार सिंह, संतोष सुमन देवी, रणबीर सिंह, अजय सिंह, सुरेंद्र कुमार रोहिल्ला, सोमेंद्र आदि ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बरती जा रही लापरवाही से देश का हर नागरिक परेशान है। युवाओं के साथ ज्यादती की जा रही है। नीट पेपर लीक मामले में स्पष्ट रुप से सरकार की लापरवाही सामने आई है। इस घटना से देश के होनहार युवा सदमे में हैं। उनके जीवन को बर्बाद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी का स्तर इतना बढ़ गया है कि हर शिक्षित युवा दर-दर भटक रहा है। बेरोजगारी इस कदर है कि उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं को चतुर्थ श्रेणी की नौकरी भी नहीं मिल रही है। बेरोजगारी का कारण यह पूंजीवादी व्यवस्था है। संगठन ने निर्णय लिया कि इन जायज मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य बचाने के लिए सभी को आगे आना चाहिए।
एआईडीवाईओ ने प्रदर्शन कर की सरकार से मांग

