गुरुग्राम। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। सरकारी व निजी संस्थानों में योग शिविरों का आयोजन कर लोगों को योग के प्रति जागरुक किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के गांव सिंधरावली स्थित राजकीय महाविद्यालय परिसर में योग क्लब के छात्रों द्वारा योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक व गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। योग क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. विभा ने छात्रों को योग के महत्व, उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभ तथा दैनिक जीवन में योग की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और योग ही मानव जीवन का आधार है। जिस प्रकार वायुमंडल के बिना जीवन संभव नहीं, उसी प्रकार योग के बिना जीवन का संतुलन, संरक्षण एवं सुरक्षा भी अधूरी है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक और भागदौड़ भरे जीवन में युवा वर्ग तनाव एवं डिप्रेशन जैसी समस्याओं की ओर बढ़ रहा है। ऐसे समय में योग अपनाकर संयमित एवं स्वस्थ जीवन व्यतीत करना अत्यंत आवश्यक है। छात्रों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया, जिनमें ताड़ासन, वृक्षासन, सर्वांगासन, मयूरासन, शशकासन, गरुड़ासन तथा कुम्भक-रेचक, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी जैसी योग क्रियाएँ शामिल रहीं। यह आयोजन छात्रों के लिए प्रेरणादायक रहा। आयोजन को सफल बनाने में रंजन, योगेश, दिव्या, प्रकाश, कृष्ण कुमार, नरेश कुमार, पंकज, सोना आदि का सहयोग रहा।
शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है योग : डा. विभा

