गुरुग्राम।गत दिवस सैक्टर 29 स्थित लेजरवैली ग्राउण्ड में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस समारोह में केंद्रीय मंत्री एवं गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह के साथ हुई उपेक्षा का मुद्दा अब तूल पकडऩे लगा है। इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज़ हो गई है और इसे पूरे दक्षिण हरियाणा व पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के मान-सम्मान से जोडक़र देखा जा रहा है। समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के प्रदेशाध्यक्ष मनीष यादव का कहना है कि राव इंद्रजीत सिंह दक्षिण हरियाणा के एक बेहद वरिष्ठ और बड़े जनाधार वाले नेता हैं, जो एक विशाल लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे पिछड़े समाज और कृषक पृष्ठभूमि से आते हैं। इसके बावजूद पार्टी के ही कार्यक्रमों में उन्हें मंच पर उचित स्थान और सम्मान न देना तथा स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में आमंत्रित न किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा अपने ही केंद्रीय मंत्री के साथ ऐसा व्यवहार कर सकती है, तो एक साधारण हरियाणवी नागरिक को इस व्यवस्था में कहाँ जगह मिलेगी। इस तरह के बर्ताव से भाजपा का आम जनता और किसान-पिछड़े समाज के प्रति रुख उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अनादर के बाद राव इंद्रजीत सिंह को अपनी कुर्सी छोड़ देनी चाहिए। भाजपा उन्हें कभी मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी, इसलिए उन्हें समाजवादी पार्टी के साथ आकर हरियाणा में समाजवाद की स्थापना में सहयोग करना चाहिए। मनीष यादव ने कहा कि समाजवादी लोग इस बार भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए पूरी तरह गोलबंद हैं। आगामी चुनावों में हरियाणा से भाजपा को हटाकर इंडिया गठबंधन की जनहितैषी सरकार बनाई जाएगी।
दक्षिण हरियाणा के कद्दावर नेता राव इंद्रजीत की उपेक्षा चिंताजनक : मनीष यादव

