NCRNewsUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशराजनीतिराज्य

जलभराव से बेहाल हुआ सेक्टर 9ए का पार्क, क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से लगाई गुहार

गुरुग्राम।गत दिवस हुई बारिश के बाद सेक्टर 9ए स्थित पार्क में पानी जमा हो गया है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण पूरा पार्क तालाब में तब्दील हो चुका है, जिससे आसपास के क्षेत्रवासियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पार्क में जलभराव के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का जीवन सीधे तौर पर प्रभावित हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे रोजाना सुबह और शाम पार्क में टहलने तथा योगाभ्यास के लिए आते थे, लेकिन पानी भर जाने की वजह से अब पार्क में बैठना और घूमना पूरी तरह से बंद हो गया है। उनका कहना है कि शाम के समय बच्चे पार्क में खेल-कूद के लिए एकत्र होते थे, लेकिन जलभराव और चारों तरफ फैली कीचड़ के चलते बच्चों को घरों के भीतर ही कैद होना पड़ रहा है। पार्क में कई दिनों से रुके हुए गंदे पानी के कारण अब बदबू आने लगी है और वहां बड़े पैमाने पर मच्छर तथा जहरीले कीट-पतंगे पनप रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि जमा पानी अब बीमारियों का अड्डा बनता जा रहा है। क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और त्वचा संबंधी संक्रमण फैलने का गंभीर खतरा बन गया है। आरडब्ल्यूए और स्थानीय निवासियों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द इस पानी को बाहर नहीं निकाला गया और फॉगिंग नहीं कराई गई, तो सेक्टर में स्वास्थ्य संकट खड़ा हो सकता है। निवासियों ने प्रशासन और नगर निगम के उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि पार्क में जमा पानी को सक्शन पंप के माध्यम से तुरंत बाहर निकाला जाए। साथ ही, मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए पूरे पार्क और आसपास के इलाकों में एंटी-लार्वा का छिडक़ाव और फॉगिंग करवाई जाए।