गुरुग्राम। साफ-सफाई के अभाव में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे कूड़ा करकट व गंदगी के अंबार से नागरिक जूझ रहे हैं। शिकायत करने के बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे आमजन में नगर निगम के प्रति रोष बढ़ता ही जा रहा है। श्रीराम चौक स्थित बस स्टॉप क्षेत्र गंदगी से अटा पड़ा है, जिसके कारण यात्री व राहगीर परेशान हैं। क्षेत्र के दिलेश्वर सिंह, सोनाली, राजेश कुमार, रश्मि, विश्वजीत सिंह, सानिया, राजेश, पवन आदि का कहना है कि दिल्ली-गुरुग्राम मार्ग स्थित श्रीराम चौक के बस स्टॉप नंबर 132/बी-112 पर बैठकर यात्री बस आदि का इंतजार करते हैं। लेकिन पिछले कई दिनों से बस स्टॉप के निकट वृक्षों से टूटकर गिरे पत्ते व फैली गंदगी से यात्री व राहगीर परेशान हैं। क्षेत्र में कोई सफाईकर्मी तक नहीं आता। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया है कि बदहाल सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए और सफाई आदि कराई जाए।
बस स्टॉप पर फैली गंदगी से यात्री परेशान

