गुरुग्राम। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजनीतिज्ञ व समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव की जयंती पर समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी हरियाणा के अध्यक्ष मनीष यादव द्वारा जिले के गांव मोलाहेड़ा स्थित कार्यालय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शामिल कार्यकर्ताओं व समाजवादी अनुयायियों ने पूर्व मुख्यमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मनीष यादव ने मुलायम सिंह को याद करते हुए कहा कि वह नेताजी केे नाम से प्रसिद्ध थे। उनका जन्म 22 नवम्बर 1939 को उत्तरप्रदेश के इटावा जिले के गांव सैफई में हुआ था। उन्होंने आगरा विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर और जैन इन्टर कालेज करहल से बीटी की डिग्री प्राप्त की थी। उन्होंने कुछ दिनों तक इन्टर कॉलेज में अध्यापन कार्य भी किया। उन्हें एक किसान नेता, नेताजी तथा धरतीपुत्र के नाम से जाना जाता था। वह 3 बार उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। केंन्द्र सरकार में उन्होंने रक्षामंत्री की भूमिका भी निभाई। वह 3 दशक से राजनीति में सक्रिय रहे। उन्होंने विधायक का चुनाव भी सोशलिस्ट पार्टी और फिर प्रजा सोशलिस्ट पार्टी से लड़ा था, जिसमें उन्होंने विजय भी प्राप्त की। यादव का कहना है कि वर्ष 1967 में मुलायम सिंह पहली बार उत्तर प्रदेश, विधान सभा के लिए चुने गए थे। शुरुआत से ही मुलायम सिंह यादव दलितों और पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दे उठाते रहे और आज भी यह वर्ग उनका सबसे बड़ा आधार रहा है। उनका कहना है कि वर्ष 1996 में मुलायम सिंह यादव ग्यारहवीं लोकसभा के लिए मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से चुने गए थे और उस समय जो संयुक्त मोर्चा सरकार बनी थी, उसमें मुलायम सिंह भी शामिल थे। मुलायम सिंह यादव को प्रधानमंत्री बनाने की भी बात चली थी। प्रधानमंत्री पद की दौड़ में वह सबसे आगे खड़े थे। उनका कहना है कि मुलायम सिंह यादव की राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता के सिद्धान्तों में अटूट आस्था रही है। समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर 2022 को गुरुग्राम में निधन हो गया। श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में संजय यादव, विजय यादव, सत्यनारायण शर्मा, ललित यादव, सतबीर यादव, साहिल यादव, बृजेश कुशवाह, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष कासिम अली, दिनेश सैनी, योगेंद्र सिंह, विनोद यादव, रवि भूषण सिंह, कपिल यादव आदि मौजूद रहे।
धरती पुत्र के नाम से जाना जाता था उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह को : मनीष यादव

