गुरुग्राम, आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तैयारियों, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया को परखने के उद्देश्य से आज जिला परिषद परिसर में सिविल डिफेंस की ओर से एयर रेड एवं भवन ढहने की स्थिति पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। ड्रिल में हवाई हमले की चेतावनी, भवन के हिस्से के ढहने, आग लगने, धुआं फैलने और लोगों के फंसे होने जैसी परिस्थितियों का अभ्यास किया गया। इसमें जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड, एनसीसी, आपदा मित्र और सिविल डिफेंस के जवानों एवं स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान एयर रेड सायरन बजाकर अलर्ट जारी किया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद भवन के प्रभावित हिस्से में बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास घेराबंदी कर यातायात एवं कानून व्यवस्था संभाली, जबकि अग्निशमन विभाग ने आग बुझाने और बचाव कार्य में सहयोग किया। एसडीआरएफ की टीम ने मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए तकनीकी उपकरणों का उपयोग किया। दो लोगों को आरसीसी स्लैब के नीचे से निकालने का अभ्यास किया गया, जबकि अन्य घायलों को विभिन्न मानव बचाव तकनीकों, स्ट्रेचर और फायरमैन लिफ्ट के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया। पहली मंजिल पर फंसे दो स्वयंसेवकों को रस्सी और चेयर नॉट तकनीक से नीचे उतारने का प्रदर्शन भी किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल सहायता केंद्र स्थापित कर घायलों की प्राथमिक जांच, श्रेणीवार पहचान (ट्रायेज), प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। ड्रिल में 14 घायल, आठ गंभीर घायल और दो मृतकों की स्थिति दर्शाई गई। गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाने, मृतकों को पुलिस की प्रक्रिया के तहत सौंपने, बिजली आपूर्ति बंद करने तथा बचाव कार्य के बाद सुरक्षा जांच कर बिजली बहाल करने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई। दोपहर 12 बजे ड्रिल समाप्त होने के बाद सभी विभागों ने अपने अनुभव एवं सुझाव सांझा किए और आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर प्रतिक्रिया, संचार, समन्वय तथा बचाव व्यवस्था को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
ड्रिल में सिविल डिफेंस की डिप्टी कंट्रोलर सृष्टि, पुलिस टीम से हवलदार संजीव एवं अमरजीत, एसडीआरएफ टीम से उप-निरीक्षक कपिल, अग्निशमन विभाग से अग्रणी अग्निशमन कर्मी राजेश कुमार, होमगार्ड टीम से जिला कमांडेंट अशोक कुमार एवं प्लाटून कमांडर विशाल धनखड़, एनसीसी से हवलदार सुंदर सिंह एवं हवलदार अमित कुमार, स्वास्थ्य विभाग से ईएमटी संदीप नेहरा, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से परियोजना अधिकारी पूनम दहिया तथा सिविल डिफेंस प्रशिक्षक धीरज सहित विभिन्न विभागों के कर्मियों एवं स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
एयर रेड व भवन ढहने की स्थिति से निपटने के लिए सिविल डिफेंस ने की मॉक ड्रिल

