NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

कथित विवादित टिप्पणियों के विरोध में सडक़ों पर उतरा अहीर समाज

गुरुग्राम। अहीर समाज के खिलाफ की गई कथित अभद्र और विवादित टिप्पणियों को लेकर जिले में सामाजिक और सियासी पारा पूरी तरह चढ़ गया है। बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रोफेसर संगीत रागी के बयानों के विरोध में अहीर समाज ने मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में युवा यादव महासभा के प्रदेश महासचिव मनीष यादव के नेतृत्व में समाज के लोगों ने ऐतिहासिक रेजांगला चौक पर एकत्रित होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए अपना कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। मनीष यादव ने कहा कि 1857 की क्रांति से लेकर रेजांगला के ऐतिहासिक युद्ध तक, अहीर समाज के वीर सपूतों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे गौरवशाली इतिहास वाले समाज के प्रति की गई गलत टिप्पणियां बेहद निंदनीय हैं, जिससे पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मांग की है कि धीरेंद्र शास्त्री तत्काल वृंदावन जाकर भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में माफी मांगें। जब तक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी जाती, तब तक हरियाणा में उनकी कथाओं का आयोजन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने भाजपा नेताओं की चुप्पी पर भी नाराजगी जताई और कहा कि समाज के सम्मान से जुड़े विषय पर चुप्पी साधने वाले नेताओं को आगामी चुनावों में इसका जवाब दिया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के उपरांत अहीर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पालम विहार थाने में पहुंचकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर संगठनों ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की गिरफ्तारी और उनके कथा कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी रखी। प्रतिनिधियों ने कहा कि धार्मिक मंचों और टेलीविजन बहसों में किसी समुदाय अथवा उसकी आस्था के प्रति अपमानजनक भाषा स्वीकार्य नहीं है।इस मौके पर कैप्टन डीपी यादव और स्थानीय निवासी मनोज सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।