गुरुग्राम। उद्योगों, एमएसएमई एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करने तथा राज्य में निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई मेक इन हरियाणा इंडस्ट्री पॉलिसी की नेशनल ट्रेड एंड इंडस्ट्री काउंसिल (एनटीआईसी) ने सराहना की है। एनटीआईसी के अध्यक्ष गुंजन मेहता का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा औद्योगिक विकास को गति देने, निवेश को आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा एमएसएमई इकाइयों को विभिन्न प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयास उद्योग जगत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उनका कहना है कि नीति बनाना पहला कदम है, लेकिन उसका लाभ प्रत्येक पात्र उद्यमी तक पहुँचाना उतना ही महत्वपूर्ण है। कई बार सरकारी योजनाओं और नीतियों में उपलब्ध प्रावधानों की पर्याप्त जानकारी न होने के कारण उद्योगपति उनका लाभ उठाने से वंचित रह जाते हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए एनटीआईसी ने निर्णय लिया है कि वह स्थानीय औद्योगिक एसोसिएशनों के साथ मिलकर हरियाणा के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष औद्योगिक नीति जागरूकता एवं ज्ञान साझाकरण कार्यक्रम आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को मेक इन हरियाणा इंडस्ट्रियल पॉलिसी, एमएसएमई योजनाओं, निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन, सब्सिडी, वित्तीय सहायता और अन्य औद्योगिक सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। गुरुग्राम-मानेसर सहित प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में स्थानीय औद्योगिक एसोसिएशनों के सहयोग से चरणबद्ध तरीके से जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में संबंधित सरकारी विभागों के अधिकारियों, विषय विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि उद्यमियों को पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की प्रमाणिक जानकारी मिल सके। उनका कहना है कि संगठन का मुख्य उद्देश्य सरकार और उद्योग जगत के बीच एक मजबूत संवाद स्थापित करना है। सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं की सही जानकारी अंतिम उद्यमी तक पहुँचे और पात्र उद्योग उनका पूरा लाभ उठा सकें।
हरियाणा की नई औद्योगिक नीति से उद्योग जगत को मिलेगा प्रोत्साहन : गुंजन मेहता

