NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

हड़ताल पर बैठे निगम के सफाईकर्मियों को मिला सीटू का साथ

गुरुग्राम। नगर निगम और अग्निशमन (फायर) कर्मचारियों की हड़ताल 26वें दिन भी जारी रही। सीटू (ष्टढ्ढञ्ज) जिला कमेटी ने जिला प्रधान सुरेश नोहरा के नेतृत्व में इस आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। सैकड़ों कर्मचारी कमला नेहरू पार्क में एकत्र होकर प्रदर्शन करते हुए अग्रवाल धर्मशाला चौक से होते हुए पुराने नगर निगम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन का संचालन जिला सचिव रानी ला ने किया। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई व राज्य उप प्रधान बसंत कुमार और फायर के जिला प्रधान साहुन खान ने की। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार समाधान निकालने के बजाय पुलिस बल और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के सहारे आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने आरोप लगाया कि हड़ताल के दौरान कूड़ा उठाने और सफाई के नाम पर फर्जी बिल बनाकर ठेकेदारों व अधिकारियों द्वारा सरकारी धन की लूट की जा रही है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यूनियन नेताओं ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और कृष्ण बेदी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। राज्य उप प्रधान बसंत कुमार ने सवाल उठाया कि जब अन्य विभागों में पक्की भर्तियां होती हैं, तो सफाई कर्मचारियों और सीवरमेनों के लिए ठेका प्रथा खत्म कर नियमित भर्ती क्यों नहीं की जा रही? उनकी मांग है कि 13 मई के समझौते को लागू कर सभी मानी गई मांगों के लिखित आदेश जारी किए जाएं। सफाई, सीवर और फायर के कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए और ठेका प्रथा समाप्त हो। दिवंगत फायर कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और पक्की नौकरी दी जाए। कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 2 सितंबर तक मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो हड़ताल को अनिश्चितकाल के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।