GamingNCRNewsSportsअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

एचएसकेए जिला कराटे चैंपियनशिप में शौर्य प्रताप सिंह ने जीता स्वर्ण पदक

गुरुग्राम। हरियाणा स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन (एचएसकेए) द्वारा धर्मपुर स्थित कम्युनिटी सेंटर की कराटे नर्सरी में जिला कराटे चैंपियनशिप का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाडिय़ों ने भाग लिया। विभिन्न आयु वर्गों के खिलाडिय़ों के बीच हुए कड़े मुकाबले में शौर्य प्रताप सिंह ने अंडर-14 वर्ग की काटा स्पर्धा में उत्कृष्ट खेल कौशल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। शौर्य प्रताप सिंह, सेंसई राजेंद्र तंवर के मार्गदर्शन में कराटे की बारीकियां सीख रहे हैं। इस जिला स्तरीय जीत के साथ ही उनका चयन स्टेट कराटे चैंपियनशिप के लिए हो गया है। आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 24 से 27 सितंबर 2026 तक पंचकूला में आयोजित की जाएगी, जहां शौर्य गुरुग्राम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाडिय़ों को आत्मरक्षा व अनुशासन आधारित खेल के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना था। प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना और कड़े अनुशासन का परिचय दिया। शौर्य की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर उनके कोच सेंसई राजेंद्र तंवर, परिजनों एवं आयोजन समिति ने अपार हर्ष व्यक्त किया है और उन्हें आगामी स्टेट चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दी हैं। शौर्य की इस सफलता ने गुरुग्राम के अन्य युवा खिलाडिय़ों के बीच भी कराटे के प्रति नए उत्साह का संचार किया है।