गुरुग्राम। गुरुग्राम-फरीदाबाद मार्ग पर बेकाबू होकर दौड़ते डंपर चालकों की मनमानी और लापरवाही से दोपहिया वाहन चालकों और आम जनता का जीवन संकट में पड़ गया है। टोल टैक्स के समीप बिना नंबर प्लेट या नंबरों पर जानबूझकर काला रंग लगे डंपरों का बेधडक़ चलना प्रशासन और यातायात पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता राजेश पटेल ने कहा कि इस व्यस्त मार्ग पर कई डंपरों की या तो नंबर प्लेट ही नदारद है या फिर उन पर आधा काला रंग लगा दिया गया है ताकि किसी हादसे की स्थिति में वाहन की पहचान न हो सके। टोल टैक्स के पास से रोजाना ऐसे दर्जनों संदिग्ध वाहन गुजरते हैं, जिन पर कोई लगाम नहीं है। लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही इस मार्ग पर तेज रफ्तार डंपरों का आतंक और अधिक बढ़ जाता है। सडक़ पर दूर-दूर तक चालान काटने वाली ट्रैफिक पुलिस की टीम दिखाई नहीं देती, जिससे इन चालकों के हौसले बुलंद हैं। बिना नंबर प्लेट वाले इन वाहनों से यदि कोई गंभीर दुर्घटना हो जाए, तो आरोपी का सुराग लगाना भी नामुमकिन हो जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन, गुरुग्राम व फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त तथा उपायुक्त से आग्रह किया है कि वे स्वयं इस मार्ग का औचक निरीक्षण करें। आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे नियमों का उल्लंघन करने वाले बेलगाम डंपर चालकों और उनके मालिकों के खिलाफ अविलंब और कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
बिना नंबर प्लेट बेलगाम दौड़ रहे हैं वाहन, पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की लगाई गुहार

