चंडीगढ़, । छात्र संगठन इंडियन नेशनल स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) के 24वें स्थापना दिवस पर हरियाणा में छात्र संघ चुनाव की बहाली, शिक्षण संस्थानों में असमान, बेतहाशा फीस वृद्धि और शिक्षण संस्थानों के हो रहे भगवाकरण का मुद्दा छात्रों ने उठाया। कॉकरोच जनता पार्टी के नेता ने भी इनसो द्वारा उठाए गए मुद्दों पर खुलकर सहमति जताई और विद्यार्थियों के हर संघर्ष में साथ देने का वादा किया। बुधवार को चंडीगढ़ में इनसो द्वारा आयोजित छात्र विजय दिवस कार्यक्रम में जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं इनसो संस्थापक डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि देश को नई दिशा और नेतृत्व देने के लिए नई पीढ़ी को अगुवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि नौजवानों में नेतृत्व करने की क्षमता संगठन में काम करने, चुनाव लड़ने और संघर्ष करने से बढ़ती है। देश को युवा नेतृत्व देने के लिए युवाओं को संगठित होकर संघर्ष करना पड़ेगा और सरकार को उनके अधिकार देने होंगे। डॉ चौटाला ने आह्वान किया कि हरियाणा में छात्र संघ चुनाव बहाली के लिए विद्यार्थियों को कड़ा संघर्ष करना होगा ताकि इनसो के अगले 25वें स्थापना दिवस को ऐतिहासिक रूप में मनाया जा सके। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान संगठित युवाओं की ताकत के आगे दुनिया ने सरकार को झुकते हुए देखा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि देश की 55 प्रतिशत आबादी शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी हुई है और शिक्षा व्यवस्था के हालात दयनीय है। उन्होंने कहा कि बेहतर एजुकेशन सिस्टम न होने के चलते हरियाणा के कॉलेजों में 50 प्रतिशत सीटें खाली रह गई है। सरकारी शिक्षण संस्थानों में जहां मेडिकल की पढ़ाई 15 लाख रुपए में हो जाती है तो वहीं उसी पढ़ाई के लिए निजी शिक्षण संस्थानों में डेढ़ करोड़ रुपए खर्च करने के बावजूद बच्चे रोजगार के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। दुष्यंत चौटाला ने सवाल किया कि फीस में इतनी बड़ी असमानता क्यूं है ? उन्होंने मांग उठाई कि मनमानी फीस पर लगाम लगाने के लिए फीस स्ट्रक्चर कमीशन का गठन होना चाहिए ताकि गरीब घर का बच्चा भी आसानी से शिक्षा पा सके। उन्होंने ऐलान किया कि विद्यार्थियों की फीस पर नियंत्रण के लिए जेजेपी बड़ी लड़ाई लड़ेगी।दिग्विजय ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं को अपने अधिकार के लिए सरकार को झुकाना आता है और चुनाव बहाली के लिए ईंट से ईंट बजा देंगे। साथ ही दिग्विजय चौटाला ने शिक्षण संस्थानों के हो रहे भगवाकरण के खिलाफ आवाज उठाते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों को भाजपा और आरएसएस का अड्डा नहीं बनने देंगे। उन्होंने मांग उठाई कि शिक्षण संस्थानों में या तो सभी राजनीतिक संगठनों को समान रूप से आयोजन करने की अनुमति मिलनी चाहिए अन्यथा किसी भी संगठन को न मिले। कॉकरोच जनता पार्टी की कोर टीम के मेंबर सुधीर सांगवान विशेष रूप से इनसो के कार्यक्रम में पहुंचे और उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के आंदोलन में दुष्यंत चौटाला व दिग्विजय चौटाला ने राजनीति से ऊपर उठते हुए पार्टी के बिना झेंडे, बैनर के आंदोलन को मजबूती प्रदान की। इनसो से जुड़े विद्यार्थियों ने आंदोलन को कामयाब बनाने के लिए अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इनसो के स्थापना दिवस पर छात्रों के अधिकारों को लेकर जो-जो मांगे उठी है, उनके लिए मिलकर संघर्ष किया जाएगा। इनसो के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मलिक ने मंच संचालन करते हुए अतिथियों का स्वागत किया और भारी संख्या में पहुंचे विद्यार्थियों का आभार जताया।
दुनिया ने देखी है हमारे युवाओं की ताकत – डॉ अजय सिंह चौटाला

