गुरुग्राम। भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व की तैयारी जोरोशोरों से चल रही हैं। कई सामाजिक संस्थाएं भी इस पर्व को मनाने के लिए जुटी हैं। कुछ विद्यालयों की छात्राएं भी एक दूसरे के सहयोग से राखियां बना रही हैं, ताकि इन राखियों को देश की सेवा मे लगे सेना के जवान व अन्य सुरक्षा बलों में तैनात कर्मियों को भेजकर उनसे अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। इसी क्रम में राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में भी स्कूल व कॉलेजों में शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राएं राखियां बनाने में पिछले कई दिनों से जुटी हुई हैं। क्षेत्र के समाजसेवी राजेश पटेल का कहना है कि इन छात्राओं ने सैकड़ों राखियां तैयार कर ली हैं और अभी भी वे कार्य में जुटी हुई हैं। इन राखियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोद, गृहमंंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तीनों सेनाओं के प्रमुखों सहित देश की सीमाओं पर तैनात सैन्य कर्मियों को भेजा जाएगा और सुरक्षा बलों के जवानों को भी आगामी 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व पर राखियां बांधकर उनसे देश की सुरक्षा का संकल्प भी लेंगी। उनका कहना है कि इन छात्राओं ने राखी बनाने के सामान की पहले ही व्यवस्था कर ली थी। उनके परिजन भी इन नेक कार्य में उनकी सहायता कर रहे हैं। छात्रा रश्मि रानी व अन्य छात्राओं का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से राखी बनाने में व्यस्त हैं और उन्हें खुशी है कि उनके द्वारा बनाई गई राखियां देश सेवा में लगे जवानों तक पहुंचाई जाएंगी।
देश के जवानों के लिए राखी बनाने में जुटी हैं छात्राएं

