NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

बम-बम भोले के जयकारों से गूंजी साइबर सिटी,

गुरुग्राम। सावन के पवित्र महीने में साइबर सिटी गुरुग्राम पूरी तरह से शिवभक्ति के रंग में रंग चुकी है। हरिद्वार और गोमुख से गंगाजल लेकर लौटने वाले शिव भक्तों का हुजूम लगातार शहर से होकर गुजर रहा है, जिससे पूरा माहौल ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोषों से गुंजायमान है। गुरुग्राम न केवल स्थानीय भक्तों बल्कि पड़ोसी जिलों और राज्यों के श्रद्धालुओं के लिए भी एक प्रमुख मार्ग बना हुआ है। मेवात, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और राजस्थान के अलग-अलग शहरों से उत्तराखंड जाने और वापस लौटने वाले कांवडिय़े गुरुग्राम होकर ही अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। हरिद्वार व गोमुख से डाक कांवड़ लाने की तैयारियां शिवभक्त बड़ी संख्या में कर रहे हैं। सभी श्रद्धालु आगामी 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कांवड़ द्वारा लाए गए पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। शिवभक्तों में कांवड़ लाने को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। कांवडियों ने अपनी कांवड़ों को बेहद भव्य और कलात्मक रूप से सजाया है। कांवड़ों पर लगीं रंग-बिरंगी लाइटें और डीजे पर बजते भोलेनाथ के भजन राहगीरों और दर्शकों के मुख्य आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। शहर की विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा जगह-जगह कांवड़ शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में कांवडिय़ों के विश्राम, भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। शिवरात्रि पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षात्मक दृष्टि से कड़े इंतजाम किए गए हैं और उच्चाधिकारी खुद पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रहे।