गुरुग्राम।ग्रीष्मावकाश को रचनात्मक, संस्कारमय एवं सर्वांगीण विकास से जोडऩे के उद्देश्य से धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा सैक्टर 54, सनसिटी क्षेत्र में सनसिटी रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (एसआरडब्ल्यूए) के सहयोग से 4 दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। बच्चों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता, नैतिक मूल्यों तथा सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह शिविर सीखने, मनोरंजन और संस्कारों का एक सुंदर संगम है। कार्यक्रम का शुभारंभ आरडब्ल्यूए के महासचिव सुरेंद्र पाल, डा. किरण कुकरेजा, डॉ. रोहित प्रकाश वर्मा, बीके भावना तथा डॉ. राशि, गौरव कुमार गर्ग द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इस शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं, नए कौशल सीखें, सकारात्मक मूल्यों को अपनाएं तथा अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास करें। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रेरणादायक संदेश दिए गए। रिस्पेक्टिंग मदर अर्थ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति प्रेम और सतत विकास के संदेश को अपने चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। आगामी 3 दिनों में भी बच्चों और अभिभावकों के लिए अनेक रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। संगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी तथा डिजिटल वेलनेस विषय पर एक विशेष सत्र रखा जाएगा, जिसमें बच्चों को डिजिटल उपकरणों के संतुलित एवं सकारात्मक उपयोग तथा स्वस्थ डिजिटल आदतों के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा। आज शनिवार को सशक्त परिवार, सशक्त राष्ट्र विषय पर विशेष आर्ट ऑफ पैरेंटिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस सत्र का संचालन लंदन से बीके गोपी दीदी द्वारा किया जाएगा और अभिभावकों एवं वरिष्ठ परिवारजनों को पारिवारिक मूल्यों, प्रभावी संवाद, प्रेमपूर्ण संबंधों, तनाव प्रबंधन तथा बच्चों के संस्कार निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगी। रविवार को बच्चों के लिए एक मनोरंजक मैजिक शो आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन होगा, जिसमें कैंप के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
ब्रह्माकुमारीज ने एसआरडब्ल्यूए के सहयोग से समर कैंप का किया आयोजन

