गुरुग्राम। विजय दशमी पर्व के अवसर पर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रीइग्नाइट इंडिया फाउंडेशन द्वारा गुरुग्राम और करनाल में नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की गई। सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से आयोजित अभियान के तहत दोनों शहरों में भव्य मेगा रैलियाँ निकाली गईं, जिसमें युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर अंकुश लगाने का कड़ा संदेश दिया गया। संस्था की संस्थापिका पुष्पा गौड़ का कहना है कि अभियान की शुरुआत गुरुग्राम के सेक्टर 4/7 स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और करनाल के भोजी खालसा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से की गई। इस दौरान नशे के मकडज़ाल के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से अवगत कराया। संस्था के संरक्षक प्रोफेसर लीलमणी गौड़ ने युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत रहने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त बनने की सलाह दी। विनय कौशिक ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी और समाज में अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जुडऩे का आह्वान किया। इस मौके पर स्कूल के प्रिंसिपल चौधरी ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए बच्चों में खेल भावना जागृत करने का संदेश दिया। विनय कौशिक ने कहा कि हमें एक-एक बच्चे तक पहुँचकर इस कड़ी को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ समय अवश्य बिताएँ। इस दौरान गूँजा नारा हम सुधरेंगे, जग सुधरेगा आकर्षण का केंद्र रहा, जिस पर उपस्थित सभी लोगों ने खूब तालियाँ बजाईं।
रीइग्नाइट इंडिया फाउंडेशन विजय दशमी पर निकाली नशा मुक्ति रैली

