गुरुग्राम। उत्तर भारत सहित देश के कई प्रदेशों में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। अगले कुछ दिन तक प्रचंड गर्मी के कारण प्रशासन ने एडवाईजरी जारी की है। 25 मई से नौतपा भी शुरु होने वाला है। ये नौ दिनों की अवधि मानी जाती है जब गर्मी बहुत अधिक होती है। ज्योतिषाचार्यों पंडित डा. मनोज शर्मा का कहना है कि 25 मई से सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ ही नौतपा की शुरुआत हो जाएगी, जो आगामी 2 जून तक रहेगा। इस दौरान सूर्य पृथ्वी के काफी करीब होता है और उसकी किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं। ज्योतिषीय दृष्टि से नौतपा के नौ दिन धार्मिक कार्यों के लिए बेहद शुभ होते हैं। इस दौरान गर्मी बहुत अधिक होती है इसलिए जल, शरबत, ठंडी तासीर की चीजों का दान करना इस दौरान शुभ होता है। इसके साथ ही पंखा, मटका, छाता आदि भी आप दान कर सकते हैं। इससे कुंडली में सूर्य और चंद्रमा की स्थिति भी मजबूत होती है। इसके साथ ही माना जाता है कि नौतपा के दौरान अगर बारिश नहीं पड़ती तो नौतपा के बाद खूब बारिश होती है। वहीं नौतपा के दौरान बारिश गिर जाए तो आने वाले समय में बारिश की कमी हो सकती है। नौतपा के दिन आमजन को तामसिक चीजों का सेवन करने से बचना चाहिए क्योंकि इससे आपका स्वास्थ्य खराब हो सकता है। इस दौरान लहसुन, प्याज, मदिरा आदि के सेवन से बचना चाहिए। इस दौरान सूर्य देव की आराधना करना शुभ होता है। इसके साथ ही तरल पदार्थों का दान और जरूरतमंदों की मदद करने से भी इस दौरान शुभ फलों की प्राप्ति होती है। उधर बिजली की मांग भी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। गर्मी अधिक पडऩे से बिजली की आपूर्ति भी फॉल्ट आने के कारण बाािधत हो रही है। बिजली की आपूर्ति में व्यवधान आने के कारण पेयजल आपूर्ति के बाधित होने का साममना आमजन को करना पड़ रहा है।
गर्मी ने किया गुरुग्रामवासियों का हाल-बेहाल

