गुरुग्राम। भाजपा एससी मोर्चा और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के संयुक्त तत्वावधान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा और जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया। संगठन के कोषाध्यक्ष आरएस चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य रुप से नगर निगम के वरिष्ठ उप महापौर धर्मवीर भांगरौला, यादव सभा के उपाध्यक्ष सुरेंद्र यादव प्रधान और तहसीलदार दलवीर दुग्गल शामिल हुए और उन्हें संस्था द्वारा उनके उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों व जनसेवा के लिए प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। चौधरी ने बताया कि ऐसे आयोजन समाजहित में कार्य करने वाले प्रेरणास्त्रोत व्यक्तियों का मनोबल बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने और जरूरतमंदों की मदद करने में इन गणमान्य व्यक्तियों का योगदान अत्यंत सराहनीय है। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और आपसी सौहार्द के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश और समाज हित में निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके पर क्षेत्र के कई अन्य प्रतिष्ठित लोग और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
भाजपा एससी मोर्चा और विहिप ने किया अभिनंदन समारोह का आयोजन

