NCRNewsUncategorizedदेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

लंबित पड़ी मांगों को लेकर एसबीआई के कर्मचारियों ने शांतिपूर्वक किया प्रदर्शन

गुरुग्राम। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों द्वारा लंबित पड़ी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ीसंख्या में एसबीआई कर्मचारियों ने भाग लिया और लंबे समय से लंबित मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। एआईएसबी के अध्यक्ष पंकज कौशिक, महेश कटारिया आदि ने कहा कि कर्मचारियों की भारी कमी, आउटसोर्सिंग की बढ़ती प्रवृत्ति, अत्यधिक कार्यभार तथा कर्मचारी हितों से जुड़े अनेक मुद्दों के समाधान न होने के कारण कर्मचारियों में व्यापक असंतोष है। उनकी मांग है कि आम्र्ड गार्ड एवं मैसेंजर की भर्ती की जाए, पेंशन फंड मैनेजर बदलने का विकल्प हो, वर्ष 2019 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए इंटर-सर्किल ट्रांसफर की सुविधा दी जाए, नियमित बैंकिंग कार्यों में आउटसोर्सिंग बंद की जाए, कर्मचारियों पर मिस-सेलिंग का दबाव बंद किया जाए, एचआरएमएस संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो, एसबीआई में समानता सुनिश्चित करते हुए कैरियर प्रोग्रेशन स्कीम की समीक्षा, राष्ट्रीय स्तर पर 8वीं स्टेगनेशन इंक्रीमेंट लागू की जाए, चिकित्सकीय परामर्श शुल्क में वृद्धि एवं मेडिकल प्रतिपूर्ति व्यवस्था में सुधार तथा वर्कमेन एम्प्लॉयी डायरेक्टर तथा पीएफ ट्रस्टी नॉमिनी की नियुक्ति की जाए। उन्होंने प्रबंधन एवं सरकार से कर्मचारियों की इन जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की, ताकि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ बैंकिंग सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके। संघ के प्रतिनिधियों ने घोषणा की कि कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में 25 एवं 26 मई को 2 दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। प्रदर्शन का समापन कर्मचारियों की एकजुटता एवं अपने अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।