NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

लंबित मांगों को लेकर अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल रही जारी

गुरुग्राम। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर शुरु की गई हड़ताल तीसरे दिन शुक्रवार को जिला प्रधान साहून खान की अध्यक्षता में जारी रही। हड़ताल में बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के कर्मचारी व श्रमिक नेता शामिल हुए और हड़ताल का समर्थन किया। साहून खान ने फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए दमकल कर्मचारी भवि चंद्र शर्मा व रणवीर सिंह की शहादत पर प्रदेश सरकार की चुप्पी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार का रवैय्या सरकार का है, उससे स्पष्ट होता है कि सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने में असफल है। जब तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांग है कि फरीदाबाद की फैक्ट्री में आग बुझाते समय शहीद हुए कर्मियों को शहीद का दर्जा दिया जाए, उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को पक्की सरकारी नौकरी तथा सभी नियमानुसार सुविधाएं प्रदान की जाएं। इसके अतिरिक्त कच्चे दमकल कर्मचारियों के वेतन में पिछले 5 वर्षों से वृद्धि न होने पर भी रोष व्यक्त किया गया। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को कर्मचारी नेता बसंत कुमार, उषा सरोहा, राजेश कुमार, धर्मेंद्र जिंगाला, सुनील कुमार आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर तेजपाल, कैलाश, संजीत, मोनू, दया चन्द, ज्ञान चंद, धर्मपाल, नवीन, सुनील, राजकुमार, कुलदीप अनिल कुमार, हरिओम, राहुल, इकबाल, अनुपाल, नवीन आदि मौजूद रहे।