NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

24 अगस्त तक सरकार ने मांगें नहीं मानी तो अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी शुरू

गुरुग्राम। हरियाणा के नगर निगम, पालिका और फायर विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को 18वें दिन भी पुराने नगर निगम कार्यालय में जारी रही। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई के वरिष्ठ उप प्रधान सम्मी बोहत और फायर के जिला प्रधान साहुन खान ने की। जबकि संचालन सचिव धर्मेंद्र जिंगाला ने किया।कर्मचारी नेताओं ने ऐलान किया है कि सोमवार 24 अगस्त को सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी का पुतला दहन करेंगे। हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राज्य उप-प्रधान बसंत कुमार, फायर के जिला उप प्रधान जोगिंदर और पूर्व जिला प्रधान राजेश कुमार ने सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जब तक हरियाणा सरकार 13 मई को माने गए फैसले के अनुसार पे-रोल के 1175 फायरमैन और पालिका, परिषद, निगमों के 13,000 पालिका रोल के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने व अन्य मांगों के पत्र जारी नहीं करती, तब तक हड़ताल पूरे प्रदेश में जारी रहेगी। वरिष्ठ उप प्रधान सम्मी बोहत, कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा और फायर के जिला सचिव सुनील कुमार ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने एक भी सीवर व सफाई कर्मचारी की पक्की भर्ती नहीं की है। सफाई कार्य को ठेके पर देकर वाल्मीकि समाज के गरीब कर्मचारियों को ठेकेदारों का गुलाम बनाया जा रहा है।कर्मचारी नेताओं ने बताया कि 13 मई को हुए समझौते में 17 मांगों पर सहमति बनी थी, जिसमें सफाई कर्मी, सीवर कर्मचारी, माली, बेलदार, इलेक्ट्रिशियन, हेल्पर, क्लर्क, फायर ड्राइवर और फायरमैन को 30 जून तक पक्का करने की बात कही गई थी। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार मीटिंग बुलाकर गुमराह कर रही है और केवल आश्वासन दे रही है, आदेश जारी नहीं कर रही। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर में हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं और बरसात-गर्मी में बीमारी फैलने का खतरा है। सरकार आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रही है। यदि 24 अगस्त तक सरकार ने मांगों को लागू करने के आदेश जारी नहीं किए तो इस हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।