गुरुग्राम।दीयों का पर्व दीपावली को लेकर शहरवासी ही नहीं अपितु ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। गत दिवस से ही शहर के मुख्य सदर बाजार, सोहना चौक, जैकबपुरा, ओल्ड व न्यू रेलवे रोड स्थित बाजारों सहित शहर के एमजी रोड स्थित दर्जनभर शॉपिंग मॉल्स में शहरवासी व ग्रामीण खरीददारी करने के लिए पहुंच रहे हैं। शनिवार को भी इन बाजारों व मॉल्स में भारी भीड़ दिखाई दी। दीपावली का पर्व आज रविवार को धूमधाम से मनाया जाएगा।
बाजारों में लगी है भीड़
दुकानदारों ने अपनी दुकानों को सजाया हुआ है। शहर के सभी ज्वैलर्स के यहां भी ज्वैलरी खरीदने वालों का तांता लगा रहा। मिठाईयां व ड्राई फू्रट्स की दुकानों पर भी खरीददारों की भारी भीड़ दिखाई दी। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फूलों की भी खूब बिक्री हो रही है। गुडगांव के आस पास के क्षेत्रों से ही नहीं अपितु राजस्थान तक से भी फूल गुडगांव में बिक्री के लिए लाए गए हैं। हालांकि गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष फूलों के दामों में वृद्धि दिखाई दे रही है। शहर के मंदिरों में भी दीपावली के अवसर पर खूब चहल पहल दिखाई दे रही है। मंदिरों को ही नहीं अपितु गुरुद्वारों को भी दुल्हन को तरह सजाया गया है। मंदिरों में पूजा-अर्चना करने वालों की भी भारी भीड़ उमड़ रही है।
पुलिस प्रशासन भी है सतर्क
उधर पुलिस प्रशासन ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हुए हैं। शहर के मुख्य सदर बाजार सहित सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस की पीसीआर तैनात की गई है। पुलिसकर्मियों को भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न हो सके।
सिविल अस्पताल भी है सतर्क
सिविल अस्पताल में भी चिकित्सकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, ताकि आग से झुलसे मरीजों का ईलाज किया जा सके। हालांकि प्रशासन ने प्रदूषण फैलाने वाले बम-पटाखों पर रोक लगाई हुई है और ग्रीन पटाखे इस्तेमाल करने के आदेश दिए गए हैं। लेकिन इस सबके बावजूद भी चोरी छिपे उच्च क्षमता वाले पटाखों की बिक्री हो रही बताई जाती है। गली-मौहल्लों में भी उच्च क्षमता वाले पटाखे फोडऩे की आवाजें रात्रि में प्रतिदिन आ रही हैं। हालांकि पुलिस कर्मी विभिन्न क्षेत्रों में जाकर दुकानों की चैकिंग भी कर रहे हैं और दुकानदारों से आग्रह किया जा रहा है कि वे पटाखों की बिक्री न करें। ग्रीन पटाखों की ही बिक्री करें।
बाजारों में लगी है उपहार खरीदने वालों की भीड़

