गुरुग्राम। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) में तकनीकी निदेशक के पद पर नियुक्त सैक्टर 5 निवासी वरिष्ठ अभियंता विनोद कुमार अग्रवाल का सामाजिक संस्था वल्र्ड ब्राह्मण फेडरेशन के सदस्यों व सैक्टर 5 के नागरिकों द्वारा अभिनंदन किया गया। फेडरेशन के चेयरमैन शशिकांत शर्मा ने कहा कि विनोद अग्रवाल समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके व्यापक अनुभव और तकनीकी दक्षता से बिजली विभाग की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा प्रदेश की जनता को बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी। उनकी कार्यशैली हमेशा से जनहित में रही है। डीएचबीवीएन के डायरेक्टर के रूप में उनकी नियुक्ति से न केवल बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा, बल्कि विभाग की कार्यप्रणाली में भी पारदर्शिता और तेजी आएगी। सैक्टर 3, 5 व 6 आरडब्ल्यूए के पूर्व अध्यक्ष दिनेश वशिष्ठ ने कहा कि विनोद कुमार अग्रवाल की यह नियुक्ति उनकी वर्षों की मेहनत, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट कार्यशैली का परिणाम है। प्रदेश सरकार ने योग्य एवं अनुभवी अधिकारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर सराहनीय निर्णय लिया है। विनोद कुमार अग्रवाल ने सभी को आश्वस्त किया कि सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उनका लक्ष्य प्रदेश के नागरिकों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना है, जिससे उद्योगों की प्रगति, किसानों की समृद्धि तथा आम जनता को बिजली कटौती से राहत मिल सके। इस अवसर पर पुष्कर राज शर्मा, गोविंद सलूजा, विनोद बंसल, रोहताश अग्रवाल, राहुल शर्मा, मनोज शर्मा, संजय शर्मा, केसी शर्मा, एसके ओबेरॉय, एसके अनेजा, इंद्रजीत मेहता आदि मौजूद रहे।
डीएचबीवीएन के निदेशक का वल्र्ड ब्राह्मण फेडरेशन ने किया अभिनंदन

