गुरुग्राम। साइबर सिटी में रैपिड मेट्रो को बिजली आपूर्ति करने वाले मुख्य ट्रांसफॉर्मर में अचानक आई खराबी के कारण दो स्टेशनों के बीच दौड़ रही मेट्रो अचानक ट्रैक पर ही थम गई। मेट्रो के अचानक रुकते ही बोगियों के भीतर की लाइटें और एयर कंडीशनिंग पूरी तरह बंद हो गए। उमस और अंधेरे के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबरा गए। जब काफी देर तक मेट्रो टस से मस नहीं हुई, तो यात्रियों का सब्र टूट गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मेट्रो प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों की मदद से आपातकालीन द्वारों को खोला गया। इसके बाद मेट्रो में फंसे सैकड़ों यात्री मजबूरन ऊंचे ट्रैक पर उतरे और पैदल चलकर अगले स्टेशन की तरफ जाते दिखाई दिए। तकनीकी खराबी के कारण रैपिड मेट्रो रूट पर यात्रा करने वाले हजारों कामकाजी लोगों और दैनिक यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। मेट्रो प्रबंधन के अनुसार तकनीकी टीम ट्रांसफॉर्मर को बदलने और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है, ताकि सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
ट्रैक पर पैदल चलकर स्टेशन पहुंचे सैकड़ों यात्री

