गुरुग्राम।मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित 4 दिवसीय फैरोज़ कप 2026 में देश का मान बढ़ाने वाली युवा जिम्नास्ट निरंजना पुनिया के स्वदेश लौटने पर दिल्ली एयरपोर्ट पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। फरीदाबाद की प्रतिभावान खिलाड़ी निरंजना ने प्रतियोगिता के सीनियर महिला वर्ग की बैलेंस बीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। इस कड़ी स्पर्धा में न्यूजीलैंड की काहुरांगी बार्सडेल ने स्वर्ण और मिस्र की जनी अब्देलसलाम ने रजत पदक हासिल किया, जबकि भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए निरंजना पुनिया ने कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया। निरंजना पुनिया दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरीं, हरियाणा जिम्नास्टिक संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उनका फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। खेल विभाग के पूर्व उपनिदेशक परसराम, डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, फरीदाबाद के जिमनास्टिक प्रशिक्षक शिवम चौहान, शिवानी बत्रा, सूरज और परिवार के सदस्यों सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। हरियाणा जिमनास्टिक संघ के अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने निरंजना को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। अधिकारियों का कहना है कि हरियाणा सरकार खिलाडिय़ों को लगातार प्रोत्साहन दे रही है, जिससे राज्य के युवा वैश्विक स्तर पर देश का सिर गर्व से ऊंचा कर रहे हैं। फरीदाबाद और हरियाणा की इस बेटी की उपलब्धि से पूरे खेल जगत में हर्ष का माहौल है।
कांस्य पदक विजेता निरंजना का किया गर्मजोशी के साथ स्वागत

