NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

एटक के राज्य महासचिव अनिल पंवार की बेटी बनीं अधिवक्ता,

गुरुग्राम। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) के राज्य महासचिव अनिल पंवार की सुपुत्री ने आधिकारिक रूप से बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा से अपना नामांकन प्रमाण-पत्र प्राप्त किया और एक अधिवक्ता के रूप में सत्य व न्याय की रक्षा की शपथ ली। नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात अनिल पंवार अपनी बेटी के साथ अंबेडकर भवन पहुँचे, जहाँ उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। अनिल पंवार ने कहा कि बाबा साहेब का विजन, संविधान निर्माण में उनका अतुलनीय योगदान और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने की उनकी प्रतिबद्धता आज भी देश के हर वकील और नागरिक के लिए मार्गदर्शक है। कानूनी पेशे में कदम रखने के साथ ही बाबा साहेब का आशीर्वाद लेना हम सभी के लिए एक अत्यंत पवित्र और प्रेरणादायक क्षण रहा। एक पिता और श्रमिक नेता के रूप में अपनी खुशी व्यक्त करते हुए अनिल पंवार ने कहा कि अपनी बेटी को अधिवक्ता के रूप में शपथ लेते देखना उनके जीवन के सबसे सुखद और गौरवपूर्ण पलों में से एक है। उन्होंने कहा कि यह नामांकन प्रमाण-पत्र केवल एक कागज़ का टुकड़ा नहीं है, बल्कि मेरी बेटी की वर्षों की कड़ी मेहनत, लगन, निरंतर संघर्ष, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वह हमेशा कानून की गरिमा बनाए रखे, शोषितों व पीडि़तों की आवाज बने तथा सत्य, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज की सेवा करे। अनिल पंवार की बेटी के वकील बनने की खबर मिलते ही एटक के पदाधिकारियों, ट्रेड यूनियन नेताओं, अधिवक्ताओं ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने आशा व्यक्त की कि वे अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए समाज में न्याय की मशाल को और रोशन करेंगी।