NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

सरकार ने एमएसपी और कर्जमुक्ति के लिखित वादों से मुंह मोड़ा : राजेंद्र सिंह  

गुरुग्राम। किसानों की लंबित पड़ी मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान रेवाड़ी से दिल्ली के लिए रवाना हुए। कॉमरेड राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार कॉरपोरेट घरानों के हित में नीतियां बनाकर किसान और मजदूरों के जीवन को संकट में डाल रही है। उन्होंने याद दिलाया कि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन की समाप्ति के समय सरकार ने लिखित आश्वासन दिया था कि सी2+50 के आधार पर एमएसपी की गारंटी का कानून लाया जाएगा, गरीबों को कर्ज से राहत मिलेगी और बिजली बिल के निजीकरण संबंधी प्रस्ताव को वापस लिया जाएगा, लेकिन इन वादों को पूरा नहीं किया गया। राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि जब किसान शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ढंग से अपने हक की आवाज उठाते हैं, तो प्रशासनिक सख्ती व दमन का सहारा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में किसानों को जंतर-मंतर की ओर बढऩे से रोका जाना लोकतांत्रिक अधिकारों के विरुद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार की नीतियां बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाली हैं, जबकि आम मेहनतकश वर्ग की अनदेखी हो रही है। उनके अनुसार, अमेरिका-भारत मुक्त व्यापार समझौता, कृषि मार्केटिंग परियोजना के जरिए अनाज मंडियों को कॉरपोरेट हाथों में सौंपने की तैयारी और बड़े उद्योगपतियों के अरबों रुपये के कर्ज माफ करने जैसे कदम किसानों व गरीबों के हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इन नीतियों के विरोध में व्यापक व जोरदार आंदोलन खड़ा किया जाएगा।