गुरुग्राम। श्री खाटू श्याम प्रचार मंडल गुरुग्राम की ओर से आयोजित 38वें श्री श्याम बसंत महोत्सव के पहले दिन शुक्रवार को भव्य ध्वजा, कलश एवं शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में देवी-देवताओं की भव्य झांकियां सजाई गई। गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर बाद तक मथुरा से आए कलाकार रंग-बिरंगे फूलों व अन्य सामान से शोभा यात्रा में शामिल झांकियों को सजाया। शाम को मुख्य अतिथि बदरवाल ग्रुप के चेयरमैन सुशील भारद्वाज, गुरुग्राम के विधायक एवं श्री श्याम परिवार महासंघ के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, पूर्व विधायक सुधीर सिंगला ने शोभा यात्रा से पूर्व पूजा-अर्चना की। इसके बाद ध्वजा दिखाकर शोभा यात्रा को रवाना किया।38वें श्री श्याम बसंत महोत्सव के पहले दिन के कार्यक्रम में ध्वजा, कलश एवं शोभा यात्रा से पूर्व अतिथियों व श्री खाटू श्याम प्रचार मंडल परिवार के सदस्यों की ओर से श्री सिद्धेश्वर मंदिर में श्री श्याम बाबा व अन्य देवी-देवताओं का पूजन किया गया। जय श्री श्याम जी के नारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। एक दिन पहले ही मंदिर व उसके आसपास के क्षेत्रों को बिजली की रंग-बिरंगी लडिय़ों से रोशन किया गया। श्री सिद्धेश्वर मंदिर चौक से लेकर अग्रवाल धर्मशाला चौक तक सजावट की गई। अतिथियों द्वारा पूजन के बाद शोभा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। श्री खाटू श्याम प्रचार मंडल के प्रधान राजकुमार कौशिक ने बताया कि शाम छह बजे से श्री सिद्धेश्वर मंदिर से भव्य ध्वजा, कलश व शोभा यात्रा धूमधाम से शुरू हुई। यात्रा श्री सिद्धेश्वर मंदिर से शुरू होकर बड़ा बाजार, सदर बाजार होते हुए अग्रसेन चौक पहुंचेगी। वहां से यात्रा सिविल अस्पताल, अग्रवाल धर्मशाला चौक से गुरुद्वारा रोड होते हुए श्री श्याम मंदिर सिद्धेश्वर मंदिर पहुंची। मथुरा से आए कलाकारों की टीम ने इस शोभा यात्रा में श्याम बाबा की झांकी के अलावा गणेश जी, भोले बाबा, राधा-कृष्ण, गौमाता, हनुमान जी व शेरांवाली माता की झांकियां सजाई। श्री खाटू श्याम प्रचार मंडल के प्रचार मंत्री राकेश शर्मा ने बताया कि संस्था के प्रधान राजकुमार कौशिक के नेतृत्व में संस्था के सभी पदाधिकारी संतराम शर्मा, विष्णु मंगला, जगदीश अग्रवाल, हरिकिशन गुप्ता, विपिन गुप्ता, सचिन मित्तल, ओम प्रकाश गुप्ता और प्रदीप मोदी, बीएल अग्रवाल, दिनेश मंगला, रणबीर भारद्वाज, विजय अग्रवाल, सुभाष रोहिल्ला, नवनीत बंसल, सुकन पाल नागर, सरोज गर्ग, संगीता गुप्ता, कैलाश यादव आदि सभी कार्यकारिणी सदस्य व विभोर कौशिक, दीपक, निखिल, कुसाल राघव आदि युवा कार्यकर्ताओं ने यात्रा में अहम भूमिका निभाई।राकेश शर्मा ने बताया कि श्री श्याम बसंत महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार शाम 08:15 बजे से प्रभु इच्छा तक श्री खाटू श्याम बाबा का जागरण होगा। अतुल कटारिया चौक अंडरपास से ठीक पहले शीतला माता रोड स्थित शुभ कन्वेंशन सेंटर (शुभ वाटिका) में यह आयोजन किया जा रहा है। श्री धाम वृंदावन से प्रसिद्ध भजन गायक नंदकिशोर शर्मा नंदू भैया, कोलकाता से संजय मित्तल, पिंजौर से मुकेश मुद्गिल, दिल्ली से अश्वनी शर्मा मोंटू भैया और अंजना आर्या बाबा के भजनों का गुणगान करने पहुंच रहे हैं। रंग-बिरंगे भव्य फूलों से बाबा के शीश व दरबार का श्रृंगार किया जा रहा है। गर्मी के चलते इस बार बसंत महोत्सव वातानुकूलित शुभ वाटिका में किया जा रहा है।
श्री श्याम बसंत महोत्सव पर शहर में धूमधाम से निकाली ध्वजा, कलश एवं शोभा यात्रा

