NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

रेलवे स्टेशन के पास रेल की पटरियों पर बेखौफ खेल रहे बच्चे, किसी बड़े हादसे को दे रहे हैं न्यौता

गुरुग्राम। रेलवे स्टेशन से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर इन दिनों एक बेहद गंभीर और खतरनाक लापरवाही सामने आ रही है। यहां रेल पटरियों पर छोटे-छोटे बच्चों को बेधडक़ खेलते हुए आसानी से देखा जा सकता है। करीब 5 से 8 वर्ष की आयु वाले ये दर्जनों बच्चे पटरियों के बीच मस्ती करते नजर आते हैं, जो किसी बड़ी अनहोनी को खुला निमंत्रण दे रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता राजेश पटेल का कहना हे कि ये बच्चे आसपास रहने वाले गरीब मजदूर परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। रोजी-रोटी की तलाश में सुबह होते ही माता-पिता काम पर निकल जाते हैं। ऐसी स्थिति में पापी पेट का सवाल इन मासूमों पर पूरी तरह चरितार्थ होता है, जिन्हें देखने वाला दिन में कोई नहीं होता। हालांकि, कारण चाहे जो भी हो, लेकिन व्यस्त रेल मार्ग पर इस तरह खेलना या टहलना किसी भी सूरत में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो कभी भी कोई भयंकर दुर्घटना घट सकती है। अमूमन यह देखा गया है कि किसी बड़ी त्रासदी या दुर्घटना के बाद सरकारी महकमे और अधिकारियों के दल केवल फोटो शूट कराने या खानापूर्ति करने के लिए मौके पर पहुंचते हैं। यदि समय रहते प्रशासन और संबंधित रेलवे विभाग ने कड़े कदम नहीं उठाए, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध जनों ने संबंधित विभाग और रेलवे पुलिस से पुरजोर मांग की है कि इस क्षेत्र में कड़ी नजर रखी जाए, ताकि इन मासूमों की जिंदगियों को सुरक्षित बचाया जा सके।