NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

न्यायालय के रिकॉर्ड रूम में आग लगने से न्यायिक रिकॉर्ड एवं हजारों फाइलों का भारी नुकसान

गुरुग्राम। जिला बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान वरिष्ठ अधिवक्ता संतोख सिंह ने जिला न्यायालय स्थित रिकॉर्ड रूम में गत दिवस लगी भीषण आग की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना केवल भवन को हुआ नुकसान नहीं है, अपितु न्यायिक व्यवस्था से जुड़े अमूल्य दस्तावेजों, रिकॉर्ड्स एवं हजारों मामलों की महत्वपूर्ण फाइलों की अपूरणीय क्षति है। यह न्यायिक प्रक्रिया, पारदर्शिता और आम नागरिकों के न्याय व्यवस्था में विश्वास से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील मामला है। उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से मांग की कि इस घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए रिकॉर्ड सुरक्षा, डिजिटल बैकअप एवं अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि रविवार की प्रात: न्यायालय परिसर स्थित रिकॉर्ड रूम में अचानक भीषण आग लग गई थी। रिकॉर्ड रूम में भारी मात्रा में कागजात, केस फाइलें एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग बुझाने के दौरान रिकॉर्ड रूम की छत का बड़ा हिस्सा ढह गया तथा भवन का कुछ भाग क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर पड़ा, जिसके चलते मुख्य न्यायालय परिसर को भी बंद करना पड़ा। इस भीषण हादसे में हजारों महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज, रिकॉर्ड तथा वर्षों पुराने मामलों की फाइलें जलकर नष्ट हो गईं। बताया जाता है कि इस रिकॉर्ड रूम में दशकों से लाखों मामलों से संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखे गए थे, जिनका नष्ट होना न्यायिक प्रक्रिया के लिए अत्यंत गंभीर विषय है।