गुरुग्राम। शहर में सार्वजनिक परिवहन का दावा करने वाली गुरुगमन बस सेवा की पोल एक बार फिर खुल गई है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे धनवापुर मार्ग पर गुरुगमन बस अचानक खराब होकर बीच सडक़ पर खड़ी हो गई। सुबह के व्यस्त समय में बस के अचानक बंद होने से उसमें सवार दर्जनों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने चुटकी लेते हुए कहा कि यह बस पूरी तरह से कोमा में चली गई है। आए दिन विभिन्न रुटों पर चलने वाली सरकारी बसें रास्ते में ही हांफ जाती हैं। बस में सफर कर रहे यात्रियों अजय, रूपा, नितिश, संदीप, राहुल, राजेश, रूपा कुमारी, गौतम, युवराज कुमार, रितेश आदि ने अपना गुस्सा और दर्द जाहिर करते हुए बताया कि इन बसों का रखरखाव बेहद खराब है। आए दिन बसों में खराबी आती रहती है। यात्रियों को परेशान होकर बीच मार्ग में उतरकर दूसरे वाहन से अपने गंतव्य तक जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हम सब नौकरीपेशा लोग हैं और सुबह समय पर अपने ऑफिस या कंपनी पहुंचने के लिए बस पकड़ते हैं। लेकिन आए दिन बीच सडक़ पर बस खराब होने के कारण हम दफ्तर देरी से पहुंचते हैं। लेट होने पर हमारी सैलरी कटती है और दफ्तर में अफसरों से अलग तू-तू, मैं-मैं सहनी पड़ती है। यात्रियों ने डिपो और संबंधित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से पुरजोर अपील की है कि गुरुगमन बसों के नियमित रखरखाव पर ध्यान दिया जाए और खटारा हो चुकी बसों की मरम्मत कराई जाए, ताकि आम जनता-जनार्दन को रोज-रोज की इस फजीहत से राहत मिल सके।
आए दिन खराब हो रही हैं गुरुगमन बस, यात्री परेशान, पहुंचने में हो रही देरी

