गुरुग्राम। उत्तर प्रदेश की बदायूं लोकसभा सीट से सांसद, अंतरराष्ट्रीय सहकारी गठबंधन के निदेशक और इफको के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर आदित्य यादव से हरियाणा समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव ने शिष्टाचार भेंट कर हरियाणा के विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक विषयों और प्रदेश के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मनीष यादव का कहना है कि बदायूं सांसद आदित्य यादव जल्द ही हरियाणा के गुरुग्राम का दौरा करेंगे, जहाँ वे स्थानीय कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध लोगों से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि वे हरियाणा में समाजवादी पार्टी का जनाधार बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। आज हरियाणा में भाजपा सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान है। युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं, पेपर लीक की घटनाओं से उनका भविष्य अंधकारमय हो रहा है और किसान खाद व संसाधनों के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। हरियाणा की जनता अब बदलाव चाहती है और प्रदेश में समाजवाद ही एकमात्र सशक्त विकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी समय में हरियाणा की जनता समाजवादी सोच के साथ जुडक़र एक जन-हितैषी सरकार का चयन करेगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्य मंत्री श्रीप्रकाश राय, बनारस महानगर अध्यक्ष दिलीप देव, महिंद्र यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता व साथी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हरियाणा के मुद्दों पर सांसद आदित्य यादव से मनीष यादव ने की चर्चा

