NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

सीपीआई की एक सितम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विशाल रैली को एटक ने दिया समर्थन

गुरुग्राम। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) द्वारा आगामी एक सितम्बर को नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विशाल जन रैली का आयोजन किया जा रहा है, जिसको सफल बनाने और मजदूरों, किसानों तथा आम जनमानस की समस्याओं को पुरजोर ढंग से उठाने के लिए ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) ने अपने पूर्ण और सक्रिय समर्थन का ऐलान किया है। एटक के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस रैली में बढ़-चढक़र हिस्सा लेंगे। रैली की तैयारियों की समीक्षा और रणनीति तय करने के उद्देश्य से एटक के राज्य कार्यालय में सीपीआई के राज्य सचिव कामरेड दरियाव सिंह कश्यप की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। कामरेड दरियाव सिंह ने केंद्र व राज्य सरकारों की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई अपने चरम पर पहुंच चुकी है, जिससे आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। बच्चों की पढ़ाई और परिवार का इलाज इतना महंगा हो गया है कि वह सामान्य नागरिक की पहुंच से बाहर होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो मजदूरों की बात सुन रही है, न कर्मचारियों की और न ही किसानों की। पूंजीपतियों के इशारे पर जनविरोधी और मजदूर-विरोधी कानूनों में बदलाव किए जा रहे हैं तथा बदले की भावना से नीतियां बनाई जा रही हैं।एटक के राज्य महासचिव अनिल पवार एडवोकेट ने स्पष्ट किया कि एटक के कार्यकर्ता इस रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे और बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचेंगे। इस तैयारी बैठक में श्रमिक नेता मनोज कुमार, संदीप कुमार, अजय कुमार, बलबीर कम्बोज, सुरेश सोलंकी, अनीता यादव, सोमदत्त, शिव कुमार सहित कई प्रमुख ट्रेड यूनियन नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। एटक नेतृत्व ने सभी मजदूर संगठनों, किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे एक सितम्बर को रामलीला मैदान पहुंचकर रैली को ऐतिहासिक बनाएं।