NCRNewsTechnologyUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

 सिसई गांव में आज होगा 80 करोड़ की ड्रोन सिटी परियोजना का उद्घाटन

गुरुग्राम। प्रदेश में ड्रोन निर्माण, स्किल डेवलपमेंट और भविष्य की तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए एवीपीएल इंटरनेशनल द्वारा आज शनिवार को प्रदेश के जिले हिसार के गांव सिसई में ड्रोन सिटी हरियाणा परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया जाएगा। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रुप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यू सहित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्यमी तथा ड्रोन एवं रक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे। एवीपीएल की संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. प्रीत संधू का कहना है कि ड्रोन सिटी हरियाणा कंपनी का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसका उद्देश्य युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोडऩा और भारत के स्वदेशी ड्रोन इकोसिस्टम को मजबूत बनाना है। यह परियोजना राज्य में ड्रोन निर्माण, स्किल डेवलपमेंट और भविष्य की तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल मानी जा रही है। इस परियोजना में करीब 80 करोड़ की लागत आएगी। परियोजना को प्रदेश सरकार की ओर से हरियाणा एंटरप्राइज एंड एम्प्लॉयमेंट पॉलिसी-2020 के तहत 58.51 करोड़ की प्रोत्साहन सहायता प्रदान की गई है। उनका कहना है कि करीब 11.5 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही इस ड्रोन सिटी में ड्रोन निर्माण, ड्रोन कंपोनेंट उत्पादन, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, टेस्टिंग, स्किल ट्रेनिंग और एडवांस यूएवी टेक्नोलॉजी से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना के तहत देशभर की ड्रोन एवं ड्रोन-कंपोनेंट कंपनियों के लिए 23 इंडस्ट्रियल शेड तैयार किए जाएंगे। इस परियोजना से रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार होंगे तथा देश में ड्रोन निर्माण और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना का उद्देश्य ड्रोन निर्माण, एग्रीकल्चर ड्रोन, इंडस्ट्रियल ड्रोन, लॉजिस्टिक्स ड्रोन, सर्विलांस सिस्टम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और फ्यूचर-टेक स्टार्टअप्स को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाना है। इसके साथ ही यहां ड्रोन टेस्टिंग एवं डेमोंस्ट्रेशन ज़ोन, रिसर्च लैब, ट्रेनिंग सेंटर और बड़े ड्रोन संचालन के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जाएगा। उनका कहना है कि कार्यक्रम के दौरान हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के सहयोग से 500 ड्रोन उद्यमी योजना की भी शुरुआत की जाएगी। योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के 500 युवाओं को ड्रोन पायलट, तकनीशियन, एग्री-ड्रोन सेवा प्रदाता और ड्रोन उद्यमी के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि परियोजना का शिलान्यास हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 8 सितंबर 2025 को किया गया था।