NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशराजनीतिराज्य

साईं सेवा फाउण्डेशन ने की निराश्रितों को भगवान श्रीराम के दर्शन कराने की व्यवस्था

गुरुग्राम। निराश्रितों, असहाय, दिव्यांगों के साथ खुशी के कुछ पल बिता लिए जाएं तो ऐसे लोगों को जहां आत्मिक शांति मिलती है, वहीं वे यह भी समझते हैं कि समाज भी उनके प्रति गंभीर है। उक्त विचार भाजपा के वरिष्ठ नेता व साईं सेवा फाउण्डेशन के अध्यक्ष रवि बंसल ने अपने जन्मदिन पर जिले के बंधवाड़ी क्षेत्र स्थित द अर्थ सेवियर्स फाउण्डेशन द्वारा संचालित आश्रम परिसर में निवास कर रहे निराश्रितों से भरी बस को अयोध्या धाम के लिए रवाना करते हुए व्यक्त किए। उनका कहना है कि संस्था के निराश्रितों को एक बस एवं 4 गाडिय़ों के माध्यम से भगवान श्री राम के दिव्य दर्शन के लिए अयोध्या ले जाने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। कुछ दिन पूर्व आश्रम में एक माताजी ने भावुक होकर कहा था कि क्या इस जन्म में राम मंदिर के दर्शन हो पाएंगे? उसी क्षण उन्होंने यह संकल्प लिया था, जिसे अब साकार करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि यात्रा में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था की गई है। जो लोग कभी आश्रम से बाहर नहीं निकलते, उनके लिए यह यात्रा एक अद्भुत अनुभव है। उन्हें विश्वास है कि यह छोटा सा प्रयास समाज में सेवा, संवेदना और संस्कारों की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा अन्य लोगों को भी इस दिशा में प्रेरित करेगा। रवि बंसल का कहना है कि उनकी एक टीम पहले ही अयोध्या पहुँच चुकी है, जो दर्शन एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभाल रही है। मार्ग में 2 स्थानों पर भोजन आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। एक समर्पित मेडिकल टीम की व्यवस्था भी की गई है, ताकि यात्रा पूर्णत: सुरक्षित और सुखद बनी रहे।