गुरुग्राम। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर सिविल लाइंस स्थित एक निजी परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ एवं युवा फोटोग्राफरों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। संस्था के अध्यक्ष राजेश पटेल ने कहा कि कार्यक्रम में अतिथि के रुप में सेवानिवृत्त फ्लाइंग ऑफिसर एके दास, राजेश सिंह सहित गणमान्य व्यक्ति शािमल हुए। उत्कृष्ट फोटोग्राफी के लिए संजय गुलाटी, योगेश कुमार, आशीष तिवारी और मनोज कुमार को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि 9 जनवरी 1839 को दुनिया की पहली फोटोग्राफी प्रक्रिया का आविष्कार हुआ था। इसके बाद प्रतिवर्ष 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस के रूप में मनाया जाने लगा, जबकि आधिकारिक तौर पर ऑनलाइन स्तर पर इसकी शुरुआत वर्ष 2010 से हुई थी। यह दिन उन सभी लोगों को समर्पित है जो दुनिया के खूबसूरत नजारों और अनमोल पलों को अपने कैमरे में कैद करने का हुनर रखते हैं। उन्होंने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट विषम से विषम और जोखिम भरी परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए समाज तक सच्चाई पहुंचाते हैं। देश और समाज के निर्माण में इन छायाकारों का बहुत बड़ा योगदान है, इसलिए समाज का भी यह दायित्व बनता है कि इन कलाकारों को उचित मान-सम्मान और प्रोत्साहन दिया जाए।
विश्व फोटोग्राफी दिवस पर छायाकारों को नवाजा गौरव सम्मान से

