NCRNewsUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

लंबित पड़ी मांगों को लेकर कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन छठे दिन भी रहा जारी

गुरुग्राम। प्रदेश सरकार की निजीकरण, उदारीकरण, पुरानी पेंशन योजना की बहाली और कर्मचारी विरोधी नीतियों के विरोध में नगर निगम व अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को छठे दिन भी राज्यव्यापी हड़ताल जारी रही। पुराने नगर निगम कार्यालय से शुरू होकर विरोध प्रदर्शन अग्रसेन चौक, अग्रवाल धर्मशाला चौक और गुरुद्वारा रोड से होते हुए स्थानीय कमला नेहरू पार्क में आयोजित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला स्तरीय रैली में बदल गया। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई वरिष्ठ उप प्रधान शम्मी बोहत और दमकल विभाग के जिला प्रधान साहुन खान ने संयुक्त रूप से की। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि 13 मई को हुई वार्ता में सरकार ने सफाई व सीवर कर्मचारियों, माली, बेलदार, क्लर्क और फायरमैन/ड्राइवरों को पक्का करने सहित ठेका प्रथा समाप्त करने, बैंक के जरिए न्यूनतम वेतन देने और गुरुग्राम के छंटनीग्रस्त कर्मचारियों को पुन: ड्यूटी पर लेने जैसी 17 प्रमुख मांगों पर सहमति जताई थी। लेकिन अब सरकार इन आदेशों को लागू करने के बजाय बार-बार बैठकें बुलाकर कर्मचारियों को गुमराह कर रही है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने मानी गई मांगों का आधिकारिक पत्र तुरंत जारी नहीं किया, तो इस आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने के लिए विवश होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। इस दौरान सीआईटीयू और सर्व कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने भी हड़ताली कर्मचारियों के मंच पर पहुंचकर अपना पूर्ण समर्थन जताया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में निगम व फायर कर्मचारी उपस्थित रहे।