गुरुग्राम। साईबर सिटी के विभिन्न क्षेत्रों में श्रीराम की लीलाओं के मंचन की तैयारियां विभिन्न रामलीला कमेटियों द्वारा की जा रही हैं। इसी क्रम में जैकबपुरा स्थित श्री दुर्गा रामलीला कमेटी ने वर्षों पुरानी परंपरा को जीवित रखते हुए इस वर्ष भी अपनी भव्य रामलीला के मंचन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कमेटी के प्रधान कपिल सलूजा का कहना है कि आगामी 24 सितम्बर को भूमि पूजन किया जाएगा तथा 9 अक्टूबर से जैकबपुरा स्थित रामलीला मैदान परिसर में रामलीलाओं का भव्य मंचन शुरु होगा। रामलीला में विभिन्न पात्रों का किरदार निभाने के लिए कलाकार रिहर्सल में जुट गए हैं। पात्रों द्वारा संवाद, संगीत और अभिनय का गहन अभ्यास आधी रात तक पूरी लगन से किया जा रहा है ताकि दर्शकों को एक अविस्मरणीय अनुभव प्रदान किया जा सके। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी दर्शकों के मनोरंजन और ज्ञानवर्धन के लिए कई नए और आकर्षक बदलाव किए गए हैं। मनमोहक झांकियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। गत वर्ष की तुलना में इस बार रामलीला भव्य और आकर्षक होगी। कमेटी अनुभवी कलाकारों के साथ-साथ नए और उभरते कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच प्रदान कर रही है, ताकि यह सांस्कृतिक विरासत भविष्य में भी फलती-फूलती रहे। कमेटी ने सभी शहरवासियों को इस भव्य आयोजन में भाग लेने और भगवान श्री राम के जीवन चरित्र का आनंद उठाने के लिए सादर आमंत्रित किया है।
रामलीला के आयोजन की तैयारियों में जुटी श्री दुर्गा रामलीला कमेटी

