NCRअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

राज्य सम्मेलन की तैयारियों व वेलस्पन श्रमिकों के मुद्दे को लेकर एटक ने की बैठक

गुरुग्राम। रेवाड़ी में होने वाले एटक के हरियाणा राज्य सम्मेलन की तैयारियों को लेकर कमला नेहरु पार्क परिसर में श्रमिक संगठन ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) के पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन जिलाध्यक्ष कामरेड सुरेश गौड़ की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें संगठन से जुड़े पदाधिकारी, सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। राज्य महासचिव कामरेड अनिल पंवार ने बैठक में संगठन की रणनीतियों व राज्य व जिला स्तरीय सम्मेलन तथा वेलस्पन कंपनी से गैर-कानूनी रूप से निकाले गए श्रमिकों के मामले पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में वेलस्पन कंपनी के प्रबंधन के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एटक संगठन निकाले गए श्रमिकों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगा और उनकी हर संभव मदद करेगा। राज्य सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी यूनियनों द्वारा आर्थिक सहयोग करने तथा दो दिन तक सभी डेलीगेट के रेवाड़ी में रहने का निर्णय लिया गया। साथ ही गुरुग्राम जिला सम्मेलन को शीघ्र आयोजित करने पर भी सहमति बनी। बैठक को कुलदीप सिंह, सतीश खटकड़, सतपाल नैन, अनिता यादव, मनोज कुमार, संदीप कुमार, सोनू कुमार, सोमदत्त, सुनील तनेजा, अजय कुमार, अशोक कुमार, धीरेंद्र गुप्ता, रेणु पवार सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। बैठक में मुंजाल शोवा, एमएम ऑटो, एसआरएस, वेलस्पन, बॉन्डी इंडिया, सुब्रोस, क्यूएच टॉलब्रोस, महिला सभा, जेटक, कपारो मारुति, परफेटी, पी एंड राइटर्स आदि यूनियनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।