गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को गुरुग्राम में हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक हुई। बैठक में 27 अप्रैल 2026 को हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया गया। इस सत्र में ग्रुप-डी कर्मचारियों के प्रमोशन के लिए हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज बिल लाया जाएगा।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में कॉमन कैडर के ग्रुप-डी कर्मचारियों के प्रमोशन के लिए जरूरी नियम बनाने पर सहमति बनी है। कॉमन कैडर ग्रुप-डी कर्मचारियों ने पांच साल से ज्यादा की सर्विस पूरी कर ली है। वे क्लर्क के पद पर प्रमोशन के लिए एलिजिबल हो गए हैं। इसलिए, बैठक में हरियाणा क्लेरिकल सर्विसेज (रिक्रूटमेंट एंड कंडीशंस ऑफ सर्विस) बिल, 2026 के मसौदे को मंजूरी दी गई है। ड्राफ्ट बिल में क्लर्क के पद के लिए ग्रुप डी से प्रमोशन के कोटे को 20 प्रतिशत से 30 प्रतिशत करने का प्रावधान किया गया है। साथ ही पांच प्रतिशत एक्स ग्रेशिया पद रखने की अनिवार्यता भी नियमों में शामिल की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि सभी ने देखा कि लोकसभा में कैसे विपक्षी दलों ने भारत की नारी शक्ति की उड़ान को रोका, उसके सपनों को बेरहमी से कुचला। संसद में जो कुछ हुआ, उसने कांग्रेस और उनके सहयोगियों का असली चेहरा देश के सामने उजागर कर दिया है। इन दलों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब बात महिलाओं को अधिकार देने की आती है तो उनका असली चरित्र महिला-विरोधी और सत्ता का लोभी हो जाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति विपक्ष की संकीर्ण सोच उजागर हुई है। वे महिलाओं को चारदीवारी में बंद रखना चाहते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का भारत महिलाओं के नेतृत्व और सहभागिता से नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, जिसके परिणामस्वरूप आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में पानीपत की भूमि से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान को हमने गंभीरता से लिया और समाज की सोच को बदलने का काम किया। पिछले साढ़े 11 वर्षों में महिलाओं के सशक्तिकरण की यह यात्रा निरंतर जारी है और यह परिवर्तन केवल मजबूत नेतृत्व से ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं उद्योग, चिकित्सा, शिक्षा, कृषि और खेल जैसे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ा रही हैं, वहीं महिलाएं सेना में भी देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल तक शासन किया। वह समय देश को विकसित करने और गरीबों के जीवन को बदलने का समय था। लेकिन उस समय तो विपक्ष ने कुछ नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में एकतरफा माहौल है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कल्याणकारी नीतियों का लाभ देश की जनता को मिल रहा है उसकी चर्चा बंगाल में और देशभर में हो रही है। आने वाले समय में बंगाल में बदलाव होगा। इतना ही नहीं पंजाब में भी आने वाला समय कमल का है। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वर्षा खांगवाल और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गुरुग्राम में हुई हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक

