गुरुग्राम। पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने और तेजी से बदलते मौसम के दुष्परिणामों से निपटने के लिए समाज के हर वर्ग का योगदान अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी दिशा में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत अनेक सामाजिक संस्थाएं निस्वार्थ भाव से न केवल पौधारोपण जैसे अभियानों का संचालन कर रही हैं, बल्कि आमजन को प्रकृति के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक करने का सराहनीय कार्य भी कर रही हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक संस्था प्रज्ञा वेलफेयर सोसायटी ने एक नई और विस्तृत पर्यावरण संरक्षण मुहिम का आगाज़ किया है। इस पर्यावरण बचाओ अभियान में प्रख्यात समाजसेविका शम्मी अहलावत का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। शम्मी अहलावत ने संस्था को बड़ी संख्या में पौधे उपलब्ध कराए हैं, जिन्हें शहर और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में रोपित किया जाएगा। संस्था के प्रवक्ता का कहना है कि इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी सही देखरेख सुनिश्चित करना और लोगों में वृक्षारोपण के प्रति संवेदनशीलता जगाना है। कार्यक्रम की शुरुआत के दौरान प्रज्ञा वेलफेयर सोसायटी के प्रतिनिधियों और समाजसेविका शम्मी अहलावत ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। शम्मी अहलावत का कहना है कि प्रकृति हमें निस्वार्थ भाव से जीवनदायिनी हवा, जल और संसाधन प्रदान करती है। आज समय की मांग है कि हम भी अपनी आने वाली पीढय़िों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रकृति को कुछ वापस दें। पौधा लगाना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक जीवन को रोपने जैसा है। मुझे प्रज्ञा वेलफेयर सोसायटी के साथ इस पवित्र कार्य से जुडक़र अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। इस मुहिम के तहत आवासीय सोसायटियों, सार्वजनिक पार्कों, विद्यालयों और सडक़ों के किनारे फलदार व छायादार पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही, संस्था के स्वयंसेवक स्थानीय नागरिकों को इन पौधों को गोद लेने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित करेंगे।
प्रज्ञा वेलफेयर सोसायटी ने शम्मी अहलावत के सहयोग से शुरु किया पौधारोपण अभियान

