गुरुग्राम। नगर निगम के पुराने कार्यालय में सफाई और फायर कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 29वें दिन भी जारी रही। आंदोलन को मजबूती देते हुए अनेक जन और सामाजिक संगठनों श्री गुरु रविदास सभा, श्री कबीर सभा, डॉ. आंबेडकर सभा बादशाहपुर, भारत मुक्ति मोर्चा और सीटू ने प्रदर्शन स्थल पर पहुँचकर अपना समर्थन जताया। जनसंगठनों ने तहसीलदार सुरेंद्र भारद्वाज के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की मांगों को शीघ्र पूरा करने की गुहार लगाई। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई के वरिष्ठ उपप्रधान सम्मी बोहत व फायर के जिला सचिव सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से की। राज्य उपप्रधान बसंत कुमार आदि कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार बातचीत से समाधान निकालने के बजाय पुलिस बल और उत्पीडऩ के सहारे आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने नगरपालिका फरुखनगर के 36 सफाई कर्मचारियों की गिरफ्तारी और 1 सितंबर को फायर कर्मचारियों को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस व निलंबन आदेशों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि मीडिया में मांगों को मानने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कोई आधिकारिक पत्र या नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त, नेताओं ने हड़ताल के दौरान कूड़ा उठान के नाम पर फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन की लूट का भी आरोप लगाया और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 6 सितंबर तक मांगों का सम्मानजनक समाधान नहीं निकाला गया, तो हड़ताल को और आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

