NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ

गुरुग्राम।युवा पीढ़ी को नशा मुक्त, स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी नशामुक्ति अभियान के तहत ब्रह्माकुमारीज के सेक्टर 4 स्थित सेवा केंद्र द्वारा सेक्टर 14 स्थित लेडी फातिमा स्कूल परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन में सेवा केंद्र की बीके सुदेश व बीके सोनिया ने छात्रों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें नशा करने से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्तर पर होने वाले गंभीर नुकसान के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में युवा वर्ग अनजाने में नशे जैसी जानलेवा आदतों का शिकार हो जाता है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल एक व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि उसके मानसिक संतुलन, सोचने-समझने की क्षमता, उज्ज्वल भविष्य और पारिवारिक सुख-शांति को भी पूरी तरह से तबाह कर देता है। उन्होंने छात्रों को समझाते हुए कहा कि वास्तविक सुख और शांति आंतरिक दृष्टिकोण और आध्यात्मिक विचारों से प्राप्त होती है, न कि किसी कृत्रिम पदार्थ या नशे के सेवन से। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेलकूद, कला और सकारात्मक कार्यों में लगाएं। सभी छात्रों ने हाथ उठाकर यह संकल्प लिया कि वे न तो स्वयं कभी किसी प्रकार का नशा करेंगे और न ही अपने आसपास किसी को ऐसा करने देंगे। इसके साथ ही छात्रों ने अपने परिवार और समाज को भी इस सामाजिक बुराई के प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता जताई। आयोजन को सफल बनाने में ब्रह्माकुमारीज की वरिष्ठ सदस्या उषा जैन, अंजलि, पुरुषोत्तम एवं अन्य समर्पित कार्यकर्ताओं का अत्यंत सराहनीय एवं सक्रिय सहयोग रहा। विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों ने भी इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। स्कूल प्रबंधन ने संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के संस्कारवर्धक और मूल्य आधारित कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे विद्यार्थियों का चरित्र निर्माण हो सके और वे समाज के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।