गुरुग्राम। मुख्य गेट के पास सोमवार को सुबह के समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सीवर लाइन के ऊपर बने ढक्कन पर आते ही उसमें जा धंसी। इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी रोष देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों अरुण, रश्मी, मोनिका, रूपा कुमारी, रामाशंकर, अजय सिंह, गौतम, राजेश और काजल का कहना है कि सीवर लाइन और उसके ऊपर लगाए जाने वाले ढक्कन की मानक क्षमता इस भारी बोझ को सहने के बिल्कुल योग्य नहीं है। यह दुर्घटना इस बात का जीता-जागता प्रमाण है कि निगम क्षेत्र में किस स्तर की घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सीवर और नालियों पर जो ढक्कन बनाए जा रहे हैं, वे लगने के 6 महीने के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। घटिया निर्माण और प्रशासनिक लापरवाही के कारण आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, जो समाचारों की सुर्खियां भी बनती हैं। क्षेत्रवासियों ने सरकार और निगम के जिम्मेदार अधिकारियों से अपील की है कि वे इस गंभीर समस्या पर तुरंत अपना ध्यान केंद्रित करें। लोगों ने मांग की है कि सीवर और ड्रेनेज के निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा मानकों के विपरीत काम करने वाले ठेकेदारों व लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा स्थितियों से बचा जा सके।
गेट पर सीवर का ढक्कन टूटने से ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसी

