NCR

खांडसा की सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था चरमराई


लगे हैं कूड़े के ढेर, दुकानदार व आमजन हैं परेशान, प्रशासन दे ध्यान
गुडग़ांव।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिनमें आवारा पशु मुंह मारते दिखाई देते हैं। कूड़े के ये ढेर सडक़ों तक पहुंच गए हैं, जिनसे आमजन का आना-जाना भी दुश्वार हो गया है। यही हाल खांडसा रोड स्थित शहर की सबसे बड़ी सब्जी मंडी का है। मंडी में कूड़े के ढेर लगे हैं। पिछले एक हफ्ते से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है, जिसके कारण कूड़ा सडक़ों तक पहुंच गया है और सब्जी विक्रेताओं को कूड़े के आस-पास बैठकर ही दुकान लगाकर सब्जी बेचने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है।

सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि नियमित रुप से मंडी से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है, जिससे कूड़े के पहाड़ मंडी में लग गए हैं। इस कूड़े में सड़ी-गली सब्जियां, पराली व फलों के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पैकिंग सामग्री है जिनसे बड़ी दुर्गंध आनी शुरु हो गई है। उनका कहना है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में शहरवासी व फुटकर व्यापारी सब्जी खरीदने के लिए मंडी आते हैं। उन्हें इसी दुर्गध का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने मार्किट कमेटी व अन्य उच्चाधिकारियों से भी कई बार शिकायत कर ली है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान होता दिखाई नहीं दे रहा है। आमजन का भी कहना है कि प्रशासन को इस ओर कार्यवाही करनी चाहिए, ताकि संभावित संक्रामक बीमारियां से बचा जा सके।

Comment here