परिचालकों की भर्ती न की जाए हरियाणा रोजगार कौशल के तहत
गुडग़ांव। हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ की बैठक का आयोजन गुडग़ांव डिपो क्षेत्र में किया गया, जिसमें कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रधान आजाद गिल सहित अन्य कर्मचारी नेता भी शामिल हुए। रोडवेज कर्मचारी संघ के राज्य मुख्य संगठन सचिव और राज्य प्रवक्ता सुधीर अहलावत ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने हरियाणा राज्य परिवहन रोडवेज में होने वाली भर्ती के बारे में कहा है कि इसमें परिचालक हरियाणा रोजगार कौशल के तहत लिए जाएंगे जो कि प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के साथ बड़ा धोखा और भद्दा मजाक होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने घोषणा पत्र में जनता से वादा किया था कि सरकार बनने पर प्रदेश प्रदेश के युवाओं को पक्का एवं स्थायी रोजगार दिया जाएगा लेकिन अब इससे बिल्कुल उलट किया जा रहा है। बेरोजगार युवाओं को प्राइवेट नौकरियों की तरफ धकेला जा रहा है। हरियाणा रोजगार कौशल निगम भी इसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि कौशल रोजगार निगम को भंग कर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए पक्की भर्तियां निकाले, ताकि सरकार अपना वायदा पूरा कर सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज में पहले ही किलोमीटर स्कीम की बसों से रोडवेज की छवि धूमिल होती रही है, और किलोमीटर स्कीम जनता और विभाग के लिए हितकारी साबित नही हो पाई है। इस स्कीम का रोडवेज कर्मचारियों ने काफी विरोध भी किया था।
उन्होंने मांग की है कि चालक और परिचालक अभी भी काफी संख्या में कच्चे हैं, इनको पक्का किया जाए। उनका कहा है कि हरियाणा रोडवेज हरियाणा प्रदेश की आन बान और शान है। प्रदेश की जनता की लाइफ लाइन है। सरकार ऐसी योजना बनाए, ताकि उनका लाभ प्रदेश की जनता को भी मिल सके।


Comment here